सागर- खरीदी हुई संपत्ति पर दोबारा कब्जे का खेल! अधिवक्ता ने मांगी सुरक्षा—SDOP से की बड़ी शिकायत”
सागर जिले के देवरी में एक बार फिर जमीन विवाद सुर्खियों में है। एक अधिवक्ता ने खरीदी हुई संपत्ति पर दोबारा कब्जे की कोशिश का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन को आवेदन सौंपा है। मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है और अब कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आइए बताते हैं पूरी खबर— देवरी में शुक्रवार को स्थानीय अधिवक्ता वीरेंद्र गुप्ता ने एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर एक लिखित आवेदन दिया। आवेदन में उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस भूखंड को विधिवत खरीदा जा चुका है, उसी पर दोबारा कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह संपत्ति हरीकृष्ण मिश्रा द्वारा विधिक प्रक्रिया के तहत उनके परिवार को बेची गई थी। उनके बड़े भाई महेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी ज्योति गुप्ता के नाम 33.3 वर्ग फुट का भूखंड रजिस्टर्ड है और उसी जमीन पर भवन निर्माण भी पूरा हो चुका है।
अधिवक्ता गुप्ता का कहना है कि रजिस्ट्री और हस्तांतरण की पूरी प्रक्रिया होने के बावजूद संबंधित व्यक्ति जबरन कब्जे का प्रयास कर रहा है, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दबाव बनाने के लिए उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई गई, जबकि उनके पास संपत्ति खरीदी से जुड़े सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। स्थिति बिगड़ने की आशंका के चलते उन्होंने एसडीओपी से निष्पक्ष जांच की मांग की है, साथ ही अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी गुहार लगाई है।
अधिवक्ता गुप्ता ने सागर कलेक्टर और एसपी सागर को भी आवेदन भेजकर न्याय दिलाने की अपील की है। आवेदन में उन्होंने साफ लिखा है कि— “यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।” इस पूरे मामले ने देवरी क्षेत्र में जमीन विवादों को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है और लोग प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।