Sagar- सीवरेज निर्माण की बड़ी लापरवाही ! मिट्टी में धंसी पोकलेन, 12 घंटे जाम शहर का रास्ता
सागर जिले खुरई में सीवरेज निर्माण कार्य इस कदर लापरवाही का शिकार हो चुका है कि अब लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है। शहर में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खोदी गई मिट्टी में निर्माण कंपनी की ही पोकलेन मशीन धंस गई। करीब 12 घंटे तक पठारी रोड पूरी तरह जाम रहा और बिजली लाइन तक बंद करानी पड़ी। लोगों ने कहा—यह काम नहीं, शहर के लिए मुसीबत खड़ी की जा रही है।
खुरई शहर में इन दिनों सीवरेज लाइन बिछाने और चैंबर डालने का काम स्टैंडर्ड इंफ्रा कंपनी द्वारा किया जा रहा है। लेकिन कंपनी की लापरवाही आए दिन लोगों की मुसीबतें बढ़ा रही है। शहर के कई हिस्सों में रोजाना वाहन फंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
इसी कड़ी में पठारी रोड पर तालाब के पास मंगलवार की रात बड़ा हादसा टल गया। कंपनी की पोकलेन मशीन उसी मिट्टी में धंस गई, जिसे खुद कंपनी ने खोदकर ढीला छोड़ा था। मशीन करीब 4 फीट भीतर तक धंस चुकी थी। स्थिति इतनी खतरनाक हो गई कि बिजली के तारों को नुकसान का खतरा देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराई। वरना वहां बड़ा हादसा होने की संभावना थी।
पोकलेन को बाहर निकालने में कई घंटों तक मशक्कत चली और लगभग 12 घंटे तक पठारी जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह ठप रहा। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को दूसरे रास्तों से निकलना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी द्वारा काम बिल्कुल असुरक्षित तरीके से किया जा रहा है। न सुरक्षा मानक, न चेतावनी बोर्ड—सिर्फ खानापूर्ति के नाम पर काम किया जा रहा है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने कंपनी के काम की गुणवत्ता और जिम्मेदारी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।