Sagar - दोस्त के बर्थडे पर केक काटने से ठीक पहले युवक की बिगड़ी तबीयत, हो गई बड़ी अनहोनी
सागर जिले के खुरई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां अपने दोस्त का जन्मदिन मना रहे एक युवक की अचानक से सांसे थम गईं। युवक कंपाउंडर का काम करता था। दोस्त के केक काटने की तैयारी चल रही थी और उसी समय अचानक से युवक की तबीयत बिगड़ती है और उसे अस्पताल ले जाया जाता है तो डॉक्टर उसे मृत घोषित कर देते हैं।
जानकारी के मुताबिक खुरई के जेल रोड पर रहने वाले जगमोहन उर्फ हल्के भाई यादव का रविवार को जन्मदिन था वह अपने दोस्तों के साथ अपने गांव बिसराहा में स्थित खेत पर जन्मदिन मना रहे थे। जन्मदिन में केक काटने की तैयारी चल रही थी और जन्मदिन में हल्के भाई यादव के कई दोस्त शामिल थे। इनमें एक वीरेंद्र पटेल भी जन्मदिन की पार्टी में शामिल था। वह खेत में बने धजा में नहाने के लिए गया हुआ था। नहाने के बाद उसकी अचानक से तबियत बिगड़ने लगी तो वहां मौजूद उनके दोस्त उन्हें सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था।
दरअसल वीरेंद्र पटेल वैसे तो बिसराई गांव का रहने वाला है लेकिन वह खुरई के जेल रोड पर रहता है। वह निजी अस्पताल में कंपाउंडर का काम करता था। फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है लेकिन ऐसी संभावना जताई जा रही है कि हार्ट अटैक से युवक की जान गई है। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। घटना की सूचना लगते ही शहरी पुलिस मौके पर पहुंची ओर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।