प्रेमी-प्रेमिका ने घर से भाग कर की थी लव मैरिज, पिता ने एक साथ अंतिम संस्कार कर पूरी की अंतिम इच्छा
सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र के बरपानी निवासी युवक राजकुमार और उसकी पत्नी हल्ली का अंतिम संस्कार हरियाणा के रेवाड़ी में एकसाथ एक ही चिता पर किया गया। दुनिया छोड़ने से पूर्व दंपती ने नोट में एक चिता व कफन में अंतिम संस्कार करने की इच्छा जाहिर की थी। परिजनों ने कस्बा के नगर पालिका के पास स्थित श्मशान भूमि में मृतक बेटा-बहू की अंतिम इच्छा को पूरा करते हुए अंतिम संस्कार किया।
वहीं प्रारंभिक पूछताछ में धारुहेड़ा थाना पुलिस को पता चला है कि शादी के 5 साल होने के बाद भी बच्चा न होने को लेकर वह दुखी रहते थे। हालांकि नोट में इस तरह की कोई बात नहीं लिखी है। उन्होंने सिर्फ दो लाइनों में अपनी अंतिम इच्छा जताई थी। जिसमें लिखा था कि हम दोनों को एक ही अर्थी में साथ लिटा देना और हमारा सारा सामान मेरे छोटे भाई को दे देना।
बीते दिन शनिवार की सुबह सानौधा थाना क्षेत्र के बरपानी निवासी 26 वर्षीय राजकुमार अहिरवार और उसकी पत्नी हल्ली के शव रेवाड़ी में किराए के मकान में एक कमरे में मिले थे। राजकुमार ने उमरा गांव की हल्ली से 2020 में प्रेम विवाह किया था। दोनों भागकर हरियाणा के रेवाड़ी पहुंच गए थे। वह कंपनी में कार्य करता था। पिता गणेश ने बताया कि शुक्रवार की रात वह किसी बर्थ डे पार्टी में गए थे। जिसके बाद शनिवार की सुबह इस हाल में मिले। रविवार को अंतिम संस्कार किया गया पिता सहित पड़ोसियों ने भी बयान में बताया है कि कपल बच्चा न होने से दुखी थे।