सागर- बीना में माता जानकी की गोद भराई ने बांधा समा,धूमधाम से मनाया जा रहा श्रीराम–जानकी विवाहोत्सव
सागर जिले के बीना के खिरिया वार्ड स्थित श्रीरामनाम सिद्ध पीठ में भगवान श्रीराम और माता जानकी का भव्य विवाहोत्सव बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर परिसर में चल रही धार्मिक रस्मों से पूरा शहर भक्ति और उमंग के माहौल में डूबा हुआ है। भक्तों की भीड़ लगातार उमड़ रही है और हर रस्म को परंपरा के अनुरूप पूरे हर्षोल्लास के साथ निभाया जा रहा है। रविवार की रात आयोजित माता जानकी की गोद भराई ने इस विवाहोत्सव को और दिव्य बना दिया। 25 नवंबर को भगवान की चक्रवर्ती महाबारात भी धूमधाम से निकाली जाएगी। रविवार की रात माता जानकी की गोद भराई की रस्म बड़े ही पारंपरिक तरीके से पूरी की गई।
भगवान श्रीराम की ओर से राजा सोनी विशेष गोद भराई के सामान के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। यह शोभायात्रा आगासौद रोड से शुरू होकर आंबेडकर तिराहा, सर्वोदय चौराहा और थाने के पीछे वाले क्षेत्र से होती हुई नरसिंह मंदिर रोड स्थित श्रीरामनाम सिद्ध पीठ तक पहुंची। यात्रा के दौरान भक्तों ने ढोल-नगाड़ों और भजन की धुनों पर जमकर नृत्य किया। रास्ते में जगह-जगह भक्तों द्वारा पुष्पवर्षा और स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर पहुंचने पर श्रीरामनाम महाराज ने विधि-विधान से माता जानकी की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई। महिलाओं ने इस अवसर पर मंगलगीत गाए और प्रसाद वितरण किया गया।
भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह की रस्मों को देखने और धर्मलाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। शहर में भव्य स्वागत द्वार और सुंदर सजावट की तैयारियां भी जोरों पर हैं। विवाहोत्सव का हर चरण भक्तों के लिए आस्था और आनंद का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहा है, जिससे बीना का माहौल पूरी तरह भक्ति में रंग गया है।