सब्जी–फल विक्रेताओं का फूटा गुस्सा! मंत्री निवास पर बैठा धरना, रोजगार छीनने का आरोप” |SAGAR TV NEWS|
मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में आज सब्जी और फल विक्रेताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। शहर के विभिन्न इलाकों में फुटकर सब्जी और फल बेचकर जीवनयापन करने वाले पुरुषों और महिलाओं को नगर निगम और यातायात पुलिस द्वारा लगातार हटाए जाने के बाद सब्र का बांध टूट गया। इसके विरोध में नाराज़ विक्रेताओं ने मंत्री चैतन्य कश्यप के निवास के बाहर ज़मीन पर बैठकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। धरने में शामिल महिलाओं ने साफ कहा कि भाजपा सरकार में लाड़ली बहनों को सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन का वादा किया गया था, लेकिन जमीनी हालात इसके उलट हैं।
उनका आरोप है कि नगर निगम और यातायात पुलिस उन्हें रोज़गार से बेदख़ल कर रही है, जिससे उनके परिवारों पर रोज़ी-रोटी का संकट मंडरा रहा है। महिलाओं ने कहा कि सरकार जहां महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उन्हीं महिलाओं को उनके तय स्थानों से हटाकर परेशानी में डाला जा रहा है। उनका कहना है कि वे किसी भी तरह की यातायात बाधा नहीं उत्पन्न करतीं, फिर भी बार-बार उन्हें परेशान किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उन्हें पहले की तरह अपने निर्धारित स्थानों पर दुकान लगाने दी जाए, ताकि वे दो वक्त की रोटी कमा सकें और परिवार का भरण-पोषण कर सकें।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारी मंत्री चैतन्य कश्यप से मिलने भी पहुंचे, लेकिन मंत्री जी के रतलाम में मौजूद न होने के कारण मुलाक़ात नहीं हो सकी। हालांकि, मंत्री निवास से प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया गया कि उनकी सभी समस्याओं को मंत्री तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। धरना स्थल पर सब्जी और फल विक्रेताओं के भावुक बयान भी सामने आए, जिन्होंने अपनी रोज़मर्रा की परेशानियों को खुलकर मीडिया के सामने रखा।