सागर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई ! ओमनी वैन से 1 लाख की ब्रांडेड शराब जब्त, 3 गिरफ्तार
सागर में मोतीनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई की है। रजौआ की ओर से शहर में लाई जा रही एक ओमनी वैन को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा और उसमें से ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार कर वैन सहित करीब 1 लाख रुपए कीमत की शराब जब्त कर ली है। घटना मोतीनगर थाना क्षेत्र के बालाजी मंदिर के पास की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्लेटी रंग की ओमनी वैन में अवैध शराब भरकर शहर में खपाने की कोशिश की जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जसवंत सिंह के निर्देशन में टीम ने नाकाबंदी की। कुछ देर बाद वैन दिखी, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। गिरफ्तार आरोपी— अंकुर यादव 26 साल – निवासी रामबाग मंदिर, बड़ा बाजार, प्रवीण सोनी 25 साल – निवासी रिमझिरिया, गोपालगंज, परख शुक्ला 28 साल – निवासी मोहननगर वार्ड, तीनों को मौके पर ही हिरासत में लेकर थाने लाया गया। वैन की तलाशी में हुआ बड़ा खुलासा। वैन के अंदर पीछे की सीट पर 5 बैग रखे मिले। बैगों में इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग, मैकडॉवेल्स No.1 रम, ब्लैक बकार्डी, जैसे प्रीमियम ब्रांड की बोतलें, हाफ और पाव बरामद हुए।
इसके अलावा सीट के नीचे 3 कार्टून छिपे मिले, जिनमें ओल्ड मॉन्क के पाव भरे थे। सभी को जब्त कर चार पहिया वाहन सहित कार्रवाई की गई। आरोपियों पर आबकारी एक्ट में केस, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह के अनुसार, जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 1 लाख रुपए है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहाँ से लाई जा रही थी और किसे सप्लाई की जानी थी। सागर पुलिस ने एक बार फिर अवैध शराब कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया है कि शहर में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।