IMA सागर के नए पदाधिकारियों ने ली शपथ, डॉक्टरों पर बढ़ती हिंसा पर जताई गहरी चिंता |SAGAR TV NEWS|
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन IMA सागर शाखा के सत्र 2025-26 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आज स्थानीय सभागार में गरिमामय माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर और मिलिट्री हॉस्पिटल की कमांडिंग ऑफिसर कर्नल डॉ. आभा कुमारी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। समारोह को संबोधित करते हुए IMA सागर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने हाल के वर्षों में बढ़ी डॉक्टरों पर हमले की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा— “डॉक्टर दिन-रात समाज की सेवा में लगे रहते हैं। ऐसे में हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी भी असंतोष की स्थिति में कानूनी प्रक्रिया और प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए।
उन्होंने समाज से अपील की कि डॉक्टर–मरीज रिश्ते की संवेदनशीलता को समझें और विवाद की स्थिति में धैर्य रखें। मुख्य अतिथि डॉ. पी.एस. ठाकुर ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए नैतिक चिकित्सा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक ने चिकित्सा को उन्नत बनाया है, लेकिन “दया, संवेदना और नैतिकता ही एक डॉक्टर की सबसे बड़ी पहचान है। कर्नल डॉ. आभा कुमारी ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि IMA सागर की पहचान हमेशा जिम्मेदार और सक्रिय संगठन के रूप में रही है।
उन्हें उम्मीद जताई कि नई टीम इसे और आगे बढ़ाएगी। शपथ ग्रहण के साथ आयोजित मेडिकल CME सत्र में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक जैन ने डायबिटिक मरीजों में हाइपोग्लाइसीमिया के प्रबंधन पर महत्वपूर्ण व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसे डॉक्टरों ने बेहद उपयोगी बताया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ डॉ. अरुण सर्राफ ने दिलाई। कार्यक्रम का संचालन IMA सचिव डॉ. रोषी जैन और डॉ. सिफ़्ती बंगा ने किया। इस अवसर पर डॉ. जी एस चौबे, डॉ. नीना, डॉ. अमिताभ जैन, मेजर डॉ. कुमारन सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का धन्यवाद प्रस्ताव उपाध्यक्ष डॉ. रूपाली जैन ने रखा।