स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर पुलिस सख्त,औचक जांच में 5 वाहन पकड़े, 19 हजार का चालान |SAGAR TV NEWS|
एमपी के शहडोल में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। बुढ़ार, धनपुरी और अमलाई क्षेत्र में यातायात पुलिस द्वारा स्कूल वाहनों की औचक जांच की गई, जिसमें कई वाहन सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों पर चालान कर कुल 19 हजार रुपये जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने साफ संदेश दिया — बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। सुबह स्कूल समय पर यातायात पुलिस की टीम अचानक बुढ़ार, धनपुरी और अमलाई के प्रमुख चौराहों पर पहुंची और निजी स्कूलों के वाहनों की गहन जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान कई बसें और वैन बिना स्कूली पंजीकरण, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस और सुरक्षा उपकरणों के पाई गईं। ऐसे सभी वाहनों को मौके पर ही रोक लिया गया।
कानूनी प्रक्रिया के तहत वाहनों को अमलाई थाने ले जाया गया, जहां उनके समस्त दस्तावेजों की जांच की गई। निर्धारित मानकों के पालन न होने पर यातायात पुलिस ने 5 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 19,000 रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने कहा कि स्कूल वाहनों में सीट बेल्ट, ग्रिल, फर्स्ट-एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र और चालक के उपयुक्त लाइसेंस सहित सभी मानक अनिवार्य हैं। यातायात पुलिस ने अभिभावकों को भी जागरूक करते हुए अपील की है कि वे अपने बच्चों को उन्हीं वाहनों में भेजें, जो परिवहन विभाग के नियमों और सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह से खरे उतरते हों। प्रशासन का कहना है कि यदि कोई भी वाहन बच्चों की सुरक्षा को खतरे में डालता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।