स्पीड ब्रेकर की मांग पर NSUI का हंगामा, हाईवे जाम, नारेबाजी और धरना प्रदर्शन
एमपी के शाजापुर में आज एक बार फिर छात्रों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। लीड कॉलेज के सामने स्पीड ब्रेकर नहीं बनने से लगातार हो रहे हादसों के विरोध में NSUI कार्यकर्ताओं ने शहरी हाईवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और नारेबाजी के बीच घंटों जाम की स्थिति बनी रही। घटना शहरी हाईवे स्थित बालकृष्ण शर्मा नवीन महाविद्यालय के सामने की है, जहां स्पीड ब्रेकर नहीं होने से आए दिन हादसे होते रहते हैं।
मंगलवार सुबह भी एक छात्र सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ, जिसके बाद NSUI कार्यकर्ताओं में आक्रोश फूट पड़ा। देखते ही देखते कार्यकर्ता हाईवे पर उतर आए और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया, जिसके कारण छात्रों की जान पर बन आई है।
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। हाईवे पर लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारी बार-बार यही मांग करते रहे कि जब तक स्पीड ब्रेकर नहीं बनता, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार, नगर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने छात्रों से बात की, उनकी समस्याओं को सुना और जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों के समझाने पर आखिरकार NSUI कार्यकर्ताओं ने जाम समाप्त किया और हाईवे पर यातायात बहाल हुआ। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया, तो वे फिर बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।