प्रतिबंध के बाद भी पाड़ों की ट-क्क-र और फिर आधा दर्जन लोग पहुंचे अस्पताल
एमपी के बुरहानपुर जिले के शिकारपुरा थाना क्षेत्र के महाल गुलारा गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मनोरंजन के नाम पर उतावली नदी किनारे पाड़ों की टक्कर कराई गई। जिले में प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद यह आयोजन खुलेआम हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक कई पाड़ों को आमने-सामने भिड़ाकर भीड़ का मनोरंजन किया जा रहा था। जैसे ही पाड़ों ने एक-दूसरे पर जोरदार हमला बोला, अचानक अफरा-तफरी मच गई। कुछ पाड़े अनियंत्रित होकर दर्शकों की ओर भागे, जिसके बाद लोगों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच पथराव शुरू हो गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
हादसे में कुल 5 लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो लोगों को गंभीर चोट आने पर तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायलों की पहचान मोहम्मद सोहेल सहित अन्य ग्रामीणों के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची शिकारपुरा थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। जांच के बाद पुलिस ने 15 नामजद आरोपियों सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल गांव में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
इस दौरान घायल मोहम्मद सोहेल ने बताया कि पाड़ों की टक्कर अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे लोग इधर-उधर भागने लगे और कई लोग पत्थर लगने से घायल हुए। वहीं, शिकारपुरा थाना प्रभारी विक्रम चौहान का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद ऐसे आयोजन कराना कानून का उल्लंघन है। पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है, और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। गांव में अब भी तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।