सागर- शाहगढ़ में दो बाइक आमने-सामने और फिर महिला सहित चार पहुंच गए अस्पताल
सागर जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरायठा रोड स्थित डूडयाखेरा गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां मोड़ पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की 112 डायल वाहन मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफ़र कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ से बरायठा की ओर जा रहे सुनील अहिरवार और उनके साथी की मोटरसाइकिल, बरायठा दिशा से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवार सड़क पर गिरते ही घायल हो गए।
हादसे में सुनील अहिरवार, उनके साथ एक अन्य युवक (निवासी तारपोह), जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार आनंदी अहिरवार पिता मोहनलाल अहिरवार (उम्र 32 वर्ष) और उर्मिला अहिरवार पति बलबोदी (उम्र 35 वर्ष), निवासी परसुवा घायल हुए हैं। मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद 112 वाहन ने सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि आनंदी अहिरवार और सुनील अहिरवार को सिर और शरीर में गहरी चोटें आई हैं, जिसके कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सागर भेजा गया है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, मोड़ पर दृश्यता कम होने और तेज रफ्तार के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मोड़ पर चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है और परिवारजन अस्पताल पहुंचकर इलाज में लगे हुए हैं।