Sagar -कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सपत्नीक लिया मुनि प्रमाणसागर का आशीर्वाद,
सागर जिले के राहतगढ़ के सुरखी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भव्य पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव में आज प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सपत्नीक शामिल हुए। राहतगढ़ के मधुवन गार्डन में चल रहे इस महाआयोजन में उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम में आध्यात्मिक और सामाजिक उत्साह और बढ़ गया। मंत्री राजपूत अपनी धर्मपत्नी सविता सिंह राजपूत के साथ महोत्सव स्थल पहुंचे, जहां पंचकल्याणक आयोजन समिति ने दोनों अतिथियों का पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद मंत्री दंपत्ति ने जैन धर्म के राष्ट्रीय संत मुनि श्री प्रमाणसागर जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने परंपरा के अनुसार मुनि श्री के चरणों का प्रछालन भी किया।
इस अवसर पर आयोजन स्थल श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से भरा नजर आया। विशेष रूप से मंत्री की पत्नी सविता सिंह राजपूत द्वारा गाया गया भजन पूरे पांडाल में भक्ति की मधुर अनुभूति ले आया। उपस्थित जनसमूह ने भक्तिभाव से भरे इस प्रस्तुति का स्वागत किया। मंच से संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा—“राहतगढ़ की यह भूमि आज धन्य हो गई है। पंचकल्याणक जैसा महा आयोजन स्वयं में सौभाग्य का अवसर होता है। मुनि श्री प्रमाणसागर जी महाराज ने अपने शंकासमाधान कार्यक्रमों के माध्यम से 165 देशों में अनगिनत लोगों का जीवन बदला है। आज उनका सान्निध्य प्राप्त करना सौभाग्य की बात है।”
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में शांति, सद्भाव, नैतिकता और अध्यात्म की भावना मजबूत होती है, जो वर्तमान समय में अत्यंत आवश्यक है। पूरे आयोजन के दौरान स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। राहतगढ़ में यह महोत्सव कई दिनों से धार्मिक वातावरण बनाए हुए है और मंत्री की उपस्थिति से कार्यक्रम का गौरव और बढ़ गया।