School मामले में नया CCTV! छात्र ने 52 बार कहा Sorry Madam, फिर अब Principal के खिलाफ FIR
एमपी के रतलाम के बोधी इंटरनेशनल स्कूल में आठवीं के छात्र द्वारा तीसरी मंज़िल से गिरे के मामले में अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में अब एक और नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें छात्र बार-बार “सॉरी मैडम, आगे नहीं होगा” कहता दिख रहा है। इसी वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को और आग दे दी है। 28 नवंबर को छात्र को स्कूल की प्रिंसिपल डोली चौहान ने मोबाइल लाने पर अपने कक्ष में बुलाया था। अंदर लगे CCTV में साफ दिखाई दे रहा है कि छात्र लगातार माफी मांग रहा था, जबकि प्रिंसिपल उसे सस्पेंड करने की चेतावनी देती रहीं। आरोप है कि मानसिक दबाव इतना बढ़ गया कि बच्चा कक्षा की तीसरी मंज़िल से गिरे गया। गंभीर हालत में उसे पहले रतलाम और फिर अहमदाबाद रेफर किया गया है।
इस घटना के बाद आदिवासी छात्र संगठनों ने स्कूल को घेर लिया और मुख्य गेट पर बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि—
स्कूल की मान्यता रद्द की जाए, प्रिंसिपल पर कड़ी धाराओं में FIR हो, और छात्र को न्याय दिलाया जाए। इन आरोपों के बाद पुलिस ने देर रात प्रिंसिपल डोली चौहान पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत FIR दर्ज कर ली है। छात्र के पिता ने बताया कि उन्होंने स्कूल में जोर की आवाज सुनी और भागकर बाहर आए तो पता चला कि उनके बेटे ने छलांग लगा दी है। परिवार और संगठन का आरोप है कि अनुशासन के नाम पर स्कूल बच्चों पर अत्यधिक मानसिक दबाव डालता है, जिसका यह दर्दनाक परिणाम सामने आया है।
उधर, पुलिस और शिक्षा विभाग ने भी जांच तेज कर दी है। CSP सत्येंद्र घनघोरिया ने कहा कि पूरा मामला संवेदनशील है और कानूनी कार्रवाई सबूतों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर ने कहा कि विभाग अलग से जांच कर रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा ने स्कूल प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एडिशनल एसपी राकेश खाखा का कहना है कि छात्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मामले की विवेचना जारी है। फिलहाल स्कूल, पुलिस और प्रशासन तीनों की निगाहें इस मामले पर टिकी हैं—और सवाल बड़ा है: क्या अनुशासन के नाम पर बच्चों को मानसिक रूप से तोड़ा जा रहा है?