शादी में दलित दूल्हे की बारात पर हमला, पतोली में फिर तनाव, SC/ST एक्ट में मामला दर्ज |SAGAR TV NEWS|
एमपी के शाजापुर जिले के पतोली गांव में एक बार फिर शादी समारोह के दौरान विवाद ने तनाव का माहौल बना दिया। शनिवार रात दलित दूल्हे की बारात निकासी के दौरान कुछ लोगों द्वारा जुलूस निकालने का विरोध किया गया, जिसके बाद मारपीट की घटना हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही लालघाटी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।जानकारी के मुताबिक, पतोली निवासी रामप्रसाद परमार के बेटे की शादी थी। परिवार अपनी परंपरा के अनुसार बारात लेकर पतोली से मक्सी जा रहा था। जैसे ही जुलूस गांव में आगे बढ़ा, कुछ ग्रामीणों ने रोक-टोक शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दूल्हे के भाई भगवान परमार को चोटें आईं।
भगवान परमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दलित समाज की बारात निकलने पर कुछ युवकों ने आपत्ति जताई और उनके परिवार के साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर लालघाटी पुलिस ने SC/ST एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पतोली गांव में अनुसूचित जाति-जनजाति और राजपूत समाज के लोग संयुक्त रूप से निवास करते हैं, लेकिन यह पहला मामला नहीं है जब शादी समारोह में विवाद हुआ हो। इससे पहले भी दलित परिवार की बारात को लेकर तनाव की स्थिति निर्मित हुई थी। यह घटना पतोली में ऐसी दूसरी बड़ी घटना बन गई है, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है।
फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त जांच शुरू कर दी है। लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन मुजाल्दे ने बताया कि मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर, रविवार को राजपूत समाज के लोगों ने भी थाने में शिकायती आवेदन सौंपा है। उनका कहना है कि घटना के दौरान उनकी धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच में जुटी है और जल्द ही पूरा मामला स्पष्ट होने की उम्मीद है। यह पूरा मामला अब कानून के दायरे में है और पुलिस मामले को संवेदनशीलता से देख रही है।