Sagar- शाहगढ़ की बेटी ने रचा इतिहास ! राष्ट्रीय मलखंभ प्रतियोगिता में रुचि पाल ने जीता देश में पहला स्थान
एमपी के उज्जैन में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय मलखंभ प्रतियोगिता में सागर जिले शाहगढ़ की बेटी रुचि पाल ने इतिहास रच दिया है। एक्सीलेंस स्कूल शाहगढ़ की 9वीं कक्षा की छात्रा ने मध्यप्रदेश टीम से खेलते हुए पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। विलुप्त होते जा रहे प्राचीन खेल मलखंभ को नई पहचान दिलाने वाली इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। 24 नवंबर से 28 नवंबर 2025 तक उज्जैन में प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। शाहगढ़ की इस होनहार छात्रा ने कठिन मुकाबले में अपने कौशल, संतुलन और अद्भुत फुर्ती से निर्णायकों को प्रभावित किया और देशभर से आए खिलाड़ियों में पहला स्थान हासिल किया।
रुचि पाल ने अपनी यह सफलता छोटे से ग्राउंड, सीमित संसाधनों और अथक मेहनत से हासिल की है। शाहगढ़ स्थित अभिनव विद्यामंदिर में संचालित मां दुर्गा शक्ति व्यायाम शाला में उन्होंने वर्षो तक नियमित अभ्यास किया। प्रदेश मलखंभ एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मोहित भल्ला के निर्देशन में पूजा पाल ने दिन-रात मेहनत कर खुद को चैंपियन साबित किया। उनकी इस कामयाबी ने न सिर्फ उनके परिवार का बल्कि पूरे शाहगढ़ और व्यायाम शाला का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
आज अभिनव विद्यामंदिर शाहगढ़ में रुचि पाल के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाहगढ़ SDM नवीन सिंह और तहसीलदार जी. सी. राय ने उन्हें शॉल, प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। आयोजन स्थल पर उपस्थित छात्रों और अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। रुचि ने कहा— “मेरा सपना भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मलखंभ में स्वर्ण जीतना है। यह शुरुआत है, और मैं लगातार मेहनत करती रहूंगी। उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि मजबूत इरादे और निरंतर अभ्यास से कोई भी सीमाएं बड़ी नहीं होतीं। शाहगढ़ की यह गोल्डन गर्ल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन चुकी है।