सागर- कलेक्टर का कड़ा एक्शन! नायब तहसीलदार को नोटिस - आज ही दो जवाब! |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले में खाद वितरण के दौरान हुए विवाद ने प्रशासनिक महकमे को हिला कर रख दिया है। जैसे ही मीडिया के माध्यम से यह खबर सामने आई कि खाद लेने पहुंची एक छात्रा को नायब तहसीलदार द्वारा थप्पड़ मार दिया गया, जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल तुरंत हरकत में आ गए। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई की है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने मामले में नायब तहसीलदार ऋतु सिंघई, जो वर्तमान में सौरा मंडल में पदस्थ हैं, को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट लिखा है कि उनका यह व्यवहार मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विरुद्ध है। कलेक्टर ने इसे शासकीय दायित्वों के विपरीत आचरण मानते हुए तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को मंडी परिसर में खाद वितरण व्यवस्था के दौरान काफी भीड़ थी। इसी दौरान एक छात्रा और नायब तहसीलदार के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि स्थिति बिगड़ने पर नायब तहसीलदार ने छात्रा को थप्पड़ मार दिया। यह घटना वहां मौजूद लोगों द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड भी की गई, जिसके बाद मामला तेजी से सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में वायरल हो गया। कलेक्टर ने मीडिया में आई खबरों का संज्ञान लेते हुए बिना देरी किए नोटिस जारी कर दिया। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि नायब तहसीलदार अपना स्पष्टीकरण आज ही प्रस्तुत करें। नोटिस में साफ चेतावनी भी दी गई है कि अगर जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया या समय सीमा में प्राप्त नहीं हुआ, तो उनके खिलाफ एक पक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कलेक्टर ने खाद वितरण व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित व पारदर्शी बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसा विवाद उत्पन्न न हो। घटना के बाद जिले में कलेक्टर की इस त्वरित कार्रवाई की चर्चा हर जगह हो रही है। लोग इसे प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण बता रहे हैं। वहीं इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, सबकी निगाहें अब नायब तहसीलदार के जवाब पर टिकी हैं।