अवैध पटाखा फैक्ट्री पर चला बुलडोज़र, प्रशासन का कड़ा संदेश, खजराना की आग के बाद बड़ी कार्रवाई !
एमपी के इंदौर के खजराना इलाके में बुधवार देर रात लगी भीषण आग ने पूरे शहर को हिला दिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पास खड़े वाहन और आसपास का सामान जलकर राख हो गया। लेकिन असली चौंकाने वाली बात आग बुझने के बाद सामने आई—जहां हादसा हुआ, वह जगह अवैध पटाखा और पायरो तकनीक बनाने का अड्डा थी। इस खुलासे ने प्रशासन को तुरंत सख्त एक्शन लेने पर मजबूर कर दिया। गुरुवार सुबह होते ही प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम भारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया गया और देखते ही देखते अवैध टीन शेडों पर बुलडोज़र चला दिया गया। यह वही शेड थे जहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और स्टोरेज किया जा रहा था।
अधिकारियों के अनुसार यह जमीन सलीम नामक व्यक्ति की है, लेकिन इसे किसी दूसरे व्यक्ति ने पटाखे तैयार करने के लिए अवैध रूप से इस्तेमाल कर रखा था। खतरनाक सामग्री के कारण आग ने भयंकर रूप ले लिया था, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। प्रशासन की टीम ने परिसर को पूरी तरह खाली कराया और अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में ऐसे जोखिम भरे और अनधिकृत कारोबार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खजराना थाने के टीआई मनोज सेंधव के अनुसार, यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश है कि इंदौर में पटाखों या किसी भी खतरनाक सामग्री का अवैध निर्माण या भंडारण पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी तरह की बाधा न आए। आसपास के रहवासी भी कार्रवाई को देखते रहे और कई लोगों ने इस कदम की सराहना की कि खतरनाक अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन का यह कदम जरूरी था।