सागर- बड़े बकायादारों पर ताले, लाखों की वसूली, साथ ही बेघर लोगों के लिए ठंड में रैन बसेरा इंतज़ाम
सागर नगर निगम ने आज बकाया वसूली को लेकर बड़ा और सख्त कदम उठाया। निगमायुक्त राजकुमार खत्री स्वयं फील्ड में उतरे और गुरु गोविंद सिंह एवं भगवानगंज वार्ड में बड़े बकायादारों की दुकानों पर तालाबंदी की कार्रवाई कराई। कई बकायादारों ने मौके पर ही हजारों–लाखों की राशि जमा की, जबकि कुछ को सख्त चेतावनी देकर समय सीमा दी गई। सागर नगर निगम ने जबरदस्त वसूली अभियान छेड़ दिया है। दो वार्डों में निगमायुक्त राजकुमार खत्री खुद टीम लेकर पहुंचे और संपत्तिकर बकाया रखने वालों पर सीधे तालाबंदी की कार्रवाई शुरू कर दी।
गुरु गोविंद सिंह वार्ड में संजीव दुबे और राजीव दुबे की शराब दुकान से 2 लाख रुपए की वसूली की गई। वहीं भवानी सा मिल के संचालक योगेश भाई दाना भाई ने मौके पर 29 हजार 63 रुपए जमा किए। इसी क्षेत्र में कपिल मदन केशरवानी ने 29 हजार 872 रुपए शुक्रवार तक जमा करने का आश्वासन दिया।
भगवानगंज वार्ड में रूपचंद कुंदनलाल और शीलाबाई रूपचंद द्वारा 66-66 हजार की राशि जमा न करने पर दोनों प्रतिष्ठानों पर ताले जड़ दिए गए। निगमायुक्त ने साफ कहा— “शहर के विकास की रीढ़ राजस्व है… और बकाया न चुकाने वालों को अब किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।” उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जलकर, दुकान किराया और अन्य देयकों की वसूली तेजी से की जाए, नहीं तो तालाबंदी, जल कनेक्शन विच्छेदन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 31 दिसंबर तक पूरे शहर में यही सघन अभियान जारी रहेगा।
और वहीं सागर में गिरते तापमान को देखते हुए नगर निगम ने बेसहारा लोगों के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था सक्रिय कर दी है। बस स्टैंड, बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सो रहे लोगों को निगम की टीम सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचा रही है। इन रैन बसेरों में कंबल, रजाई, पलंग और गर्म पानी की पूरी सुविधा उपलब्ध कराई गई है,
ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड की चपेट में न आए। निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की— यदि किसी को खुले आसमान के नीचे सोते देखें, तो तुरंत नगर निगम को सूचित करें। हमारी टीम तुरंत उन्हें आश्रय स्थल पहुंचाएगी।” राजस्व वसूली से लेकर रैन बसेरा—नगर निगम का यह दोहरा अभियान शहर में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दोनों का मजबूत उदाहरण पेश करता है।