Sagar - विंटेज कार में निकली दुल्हन बरात लेकर दूल्हे के पास पहुंची
सागर में लोग उस समय हैरान रह गए जब दूल्हा नहीं बल्कि दुल्हन धूम धड़ाका बैंड बाजा और नाचते गाते हुए बारात लेकर निकाली, शहर के एक निजी मैरिज गार्डन में संत रविदास वार्ड निवासी जैन परिवार ने बेटी पूजा के विवाह से पहले ऐसी अनोखी पहल की, जिसने समाज में बेटियों की बराबरी का सशक्त संदेश दिया। विवाह की पूर्व संध्या पर आयोजित संगीत समारोह और एंगेजमेंट सेरेमनी के दौरान पूजा की बारात विंटेज कार में निकाली गई। इस अनोखी परंपरा की शुरुआत कर पूरे समारोह में उत्साह और भावनाओं का अनोखा संगम देखने को मिला।
पिता राजेश कुमार जैन का कहना है कि परंपरागत रूप से बारात लेकर पुरुष जाता है और इसे शौर्य का प्रतीक माना जाता है। लेकिन जब बेटियां आज हर क्षेत्र- शिक्षा, नौकरी, खेल, मीडिया, सेना और पुलिस में बेटों के बराबर कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं, तो क्यों न विवाह में भी उन्हें समान सम्मान दिया जाए? इसी सोच के साथ पूजा की बारात निकालकर समाज में बेटियों को बराबरी का दर्जा देने का संदेश दिया गया।
माता अर्चना जैन ने बताया कि उन्होंने दो बेटे रौनक और आकाश के साथ बेटी पूजा का भी लालन-पालन एक समान किया। पढ़ाई से लेकर हर अवसर तक कभी कोई भेदभाव नहीं किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा- "बेटी के जन्म के बाद ही हमारे घर में खुशियों और सम्पन्नता ने दस्तक दी। जिस बेटी ने हमारा घर रोशन किया, उसकी शादी को हम यादगार और समाज के लिए प्रेरणा दायक बनाना चाहते थे।