स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई! संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत पर ताबड़तोड़ रेड |SAGAR TV NEWS
एमपी के कटनी शहर में लंबे समय से संचालित स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर बुधवार को शहरभर में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। पुलिस ने अचानक दबिश देकर कई स्पा सेंटरों की विस्तृत जांच की। कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी महिला सेल एवं कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने किया। इस पूरे ऑपरेशन के लिए दो टीमें गठित की गई थीं, जो अलग-अलग स्थानों पर संचालित स्पा सेंटरों में पहुँचीं। पुलिस टीमों ने सेंटरों के दस्तावेज, लाइसेंस, रजिस्टर और कर्मचारियों की पहचान को बारीकी से परखा। जांच के दौरान मौजूद स्टाफ और संचालकों से पूछताछ की गई। पुलिस ने यह भी देखा कि सेंटरों में कौन-कौन लोग आते-जाते हैं और संचालन किस तरीके से किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें स्पा सेंटरों पर अवैध गतिविधियों के आरोप लगाए गए थे—उसे भी पुलिस ने गंभीरता से जांचा।
एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया ने बताया कि सभी स्पा सेंटरों की गहन जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधि नहीं पाई गई। वायरल वीडियो की भी जांच की गई, लेकिन उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य साफ है—अगर कहीं भी ब्यूटी या स्पा सेंटर की आड़ में गैरकानूनी गतिविधियां चलती मिलीं तो तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में संचालित सभी स्पा सेंटरों की नियमित निगरानी की जाएगी और इस तरह की रेड आगे भी जारी रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक या अनैतिक गतिविधि को रोका जा सके।