सागर- एक बेटी व दो बेटे झुलसे, आधी रात कच्चे मकान में भीषण आग! मेडिकल कॉलेज में भर्ती, मचा हड़कंप
सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदामऊ में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। एक गरीब परिवार के कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। घर के अंदर सो रहे तीन भाई-बहन—एक बेटी और दो बेटे—आग की लपटों में बुरी तरह झुलस गए। फिलहाल तीनों को गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना गुरुवार–शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। चांदामऊ निवासी मुकेश चढ़ार उस वक्त अपने खेत पर थे, जबकि उनकी पत्नी एक शादी समारोह में गई हुई थीं। घर पर उनकी बेटी साक्षी (22 वर्ष), बेटा अनुज (19 वर्ष) और सबसे छोटा बेटा कार्तिक (15 वर्ष) सो रहे थे।
रात के सन्नाटे में अचानक कच्चे घर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। जब पड़ोसियों ने आग की चमक देखी, वे तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की और बेहद मुश्किल से तीनों बच्चों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक आग की लपटों ने उनका काफी हिस्सा झुलसा दिया था। पूरा कच्चा मकान जलकर राख हो गया और गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नरयावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को डायल 112 और 108 एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक प्रदीप लारिया भी सक्रिय हो गए। उन्होंने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि प्रशासन से बात कर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाई जाएगी। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की पूरी व्यवस्था कराने की बात कही।