सागर- 5 लाख की बकाया कर वसूली, कटरा बाजार की दुकान पर लगी ताला, नगर निगम की बड़ी कार्रवाई!
नगर निगम सागर द्वारा दिसंबर माह को “राजस्व वसूली माह” घोषित किए जाने के बाद शहर भर में सघन वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को निगम आयुक्त राजकुमार खत्री स्वयं राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी और वसूली टीम के साथ कटरा बाजार पहुंचे, जहाँ वर्षों से बकाया कर जमा न करने वाले दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल ₹5 लाख 393 की बकाया राशि मौके पर ही वसूल की गई। निगम की टीम ने सबसे पहले विश्वनाथ साहू से ₹3,07,517, शिवराम केसरवानी से ₹4,178 और प्रदीप किशनचंद चौरसिया से ₹1,41,768 की बकाया राशि जमा कराई। लंबे समय से टैक्स न देने पर निगम ने श्रीमती मुन्नी बी पत्नी शेख सिमन्दर की दुकान पर तालाबंदी की कार्रवाई भी की, जिससे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
आयुक्त खत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी बकायादार दुकानदार, व्यवसायिक प्रतिष्ठान और भवन मालिक जो बार-बार सूचना देने के बावजूद कर जमा नहीं कर रहे, उनके विरुद्ध तालाबंदी, जल कनेक्शन विच्छेदन और अन्य कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम को मिलने वाला राजस्व शहर के विकास की रीढ़ है। सड़कों, नालों, पेयजल, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं पर होने वाला खर्च इन्हीं करों से पूरा होता है। इसलिए समय पर कर भुगतान करना नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। निगम आयुक्त ने यह भी बताया कि 31 दिसंबर तक रोजाना राजस्व वसूली अभियान चलता रहेगा।
वसूली टीम प्रतिदिन वार्डों में जाकर करदाताओं से संपर्क कर रही है ताकि अधिक से अधिक बकाया राशि वसूली जा सके। अंत में आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अपने कर समय पर जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके और शहर के विकास कार्यों में योगदान दे सकें।