Sagar-चलती स्कूटी बनी आग का गोला ! बालक ने ऐसे बचाई जान, खुरई में बड़ा हादसा टला
सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब नरोदा और कोकलवारा गांव के बीच चलती स्कूटी में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में स्कूटी आग के गोले में बदल गई। गनीमत रही कि स्कूटी चला रहा बालक सही समय पर कूद गया और उसकी जान बच गई। वरना हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।
घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। नरोदा गांव के रहने वाले नीलेश चौबे ने बताया कि उनके छोटे भाई रामलला चौबे को किराने की दुकान से कुछ सामान लेना था, इसलिए वह टीवीएस कंपनी की जुपिटर स्कूटी से कोकलवारा गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वह गांव के बीच स्थित सूने रास्ते पर पहुंचा, तभी स्कूटी के अंदर से अचानक धुआं उठना शुरू हो गया।
रामलला जब तक कुछ समझ पाता, स्कूटी के इंजन के पास से तेज लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलने लगी और स्कूटी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। स्थिति गंभीर देख बालक तुरंत स्कूटी से कूद गया और अपनी जान बचाते हुए दौड़कर घर पहुंचा। उसने रोते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन और नरोदा के ग्रामीण कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह राख में तब्दील हो चुकी थी। आग इतनी भयानक थी कि कोई सामान भी नहीं बच सका।
सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि स्कूटी के इंजन में शॉर्ट सर्किट या पेट्रोल पाइप लीकेज के कारण आग लगी होगी, हालांकि कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
गांव में चर्चा का विषय बना यह हादसा लोगों को सचेत करने वाला भी है — चलती गाड़ी से धुआं उठे तो तुरंत गाड़ी रोककर दूर हट जाना चाहिए।