सागर में शराब कंपनी के कर्मचारियों पर हमला ! दो कारों में तोड़फोड़, 4 पहुंचे अस्पताल SAGAR TV NEWS
सागर के कैंट थाना क्षेत्र में शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार सवार अज्ञात हमलावरों ने शराब कंपनी के कर्मचारियों की गाड़ियों को रोककर उन पर हमला बोल दिया। वारदात इतनी अचानक और खौफनाक थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हमलावरों ने न सिर्फ कर्मचारियों से मारपीट की, बल्कि धारदार हथियारों से हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया। यही नहीं, हमलावरों ने गाड़ियों को भी जमकर निशाना बनाया, जिससे दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पूरा मामला जिंदा सेमरा इलाके का है। शराब कंपनी के कर्मचारी अपनी दो अलग-अलग गाड़ियों से परेड मंदिर की ओर जा रहे थे।
तभी पीछे से एक कार आई, और अचानक रास्ता रोककर अज्ञात बदमाश बाहर कूद पड़े। पहले कर्मचारियों से गाली-गलौज की गई। जैसे ही कर्मचारियों ने विरोध किया, हमलावरों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। कुछ ही सेकंड में विवाद हिंसक रूप ले चुका था। बदमाशों ने धारदार हथियार निकालकर कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमले में 4 लोगों को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद हमलावरों ने दोनों कारों में भी जमकर तोड़फोड़ मचाई और फरार हो गए।
कर्मचारियों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों— बिहारी रजक, सुनील पटेल और मुस्तकीम खान—की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्द हमलावरों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश करती है।