20 हजार पुल्ले जलकर ख़ाक, लाखों की हानि, गौशाला में भीषण आग !
एमपी के आगर मालवा जिले में शनिवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर ग्राम मालीखेड़ी स्थित श्री रामदेव गौशाला में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने गौशाला में रखे करीब 20 हजार चारे के पुल्लों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में लाखों का नुकसान हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गौशाला परिसर के उस हिस्से से अचानक धुआँ उठना शुरू हुआ जहाँ बड़ी मात्रा में चारा रखा हुआ था। कुछ ही मिनटों में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरा चारा जलने लगा। दमकल आने से पहले आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि हालात नियंत्रण से बाहर होने लगे।
सूचना मिलते ही आगर नगरपालिका की फायर ब्रिगेड और आगर पुलिस मौके पर पहुँची। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि आग गौवंश तक नहीं पहुँची और सभी पशु सुरक्षित रहे। गौशाला प्रबंधन के अनुसार, जलकर राख हुए चारे की कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। 20 हजार पुल्लों का इस तरह जल जाना गौशाला के लिए बड़ा नुकसान साबित होगा, क्योंकि यह चारा आने वाले महीनों के लिए स्टॉक किया गया था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि प्रबंधन और स्थानीय लोगों का अनुमान है कि यह आग किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर लगाई गई हो सकती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ भी की जा रही है। फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में चारे के जलने से गौशाला में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आग की वास्तविक वजह सामने आएगी।