15 मिनट में बदमाश ले उड़े ATM, 11 लाख कैश समेत पिकअप में फरार, कटनी में हाई-प्रोफाइल चोरी !
मध्यप्रदेश के कटनी में बेखौफ बदमाशों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। माधवनगर थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम को आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने उखाड़कर पिकअप वाहन में लोड किया और महज 15 मिनट में फरार हो गए। एटीएम मशीन में करीब 11 लाख रुपये जमा होना बताया जा रहा है।
मामला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित उस चौराहे का है, जहाँ देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच यह चोरी की वारदात की गई। CCTV फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि बदमाश पहले एटीएम मशीन के बाहर लगे कैमरों पर काले रंग का स्प्रे मारते हैं, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद गैस कटर और भारी औजारों की मदद से एटीएम को पिकअप वाहन से बांधकर जोरदार खींचा जाता है, जिससे मशीन उखड़कर बाहर आ गिरती है।
गार्ड की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए आरोपी एटीएम मशीन को पिकअप में लोड करते हैं और जबलपुर की दिशा में फरार हो जाते हैं। वारदात पूरी तरह प्लानिंग के तहत अंजाम दी गई, और हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल बेहद व्यस्त इलाके के बीचोंबीच स्थित है।घटना की जानकारी मिलते ही माधवनगर पुलिस मौके पर पहुंची।
फॉरेंसिक टीम के साथ आईजी प्रमोद वर्मा, एसपी अभिनय विश्वकर्मा, एएसपी संतोष कुमार डेहरिया और भारी पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाले हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किस दिशा में गए और किस पिकअप वाहन का इस्तेमाल किया गया।
एसपी अभिनय विश्वकर्मा के अनुसार—ATM लूट के इस हाई-प्रोफाइल केस को गंभीरता से लेते हुए चार विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं। आसपास के जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। हाईवे पर स्थायी चेकिंग प्वाइंट्स की ड्यूटी जांची जा रही है। हमारी प्राथमिकता है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गैंग का खुलासा किया जाए।