सागर- 1/3 बिल जमा करो, नहीं तो कटेंगे कनेक्शन, छत्रसाल नगर में बिजली विवाद पर सख्त हुए निगमायुक्त !
सागर जिले के बाघराज वार्ड की छत्रसाल नगर कॉलोनी में लंबे समय से चल रही बिजली समस्या को लेकर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री शनिवार को मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रहवासियों से सीधे चर्चा की और स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन भी रहवासियों पर बिजली बिल की बकाया राशि है, उन्हें कम से कम 1/3 हिस्सा तुरंत जमा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम लगातार अतिरिक्त बिजली बिल का आर्थिक भार उठा रहा है, ऐसे में बकाया राशि जमा किए बिना अलग-अलग मीटर और कनेक्शन देना संभव नहीं है। निगमायुक्त ने यह भी साफ कहा कि छत्रसाल नगर के आवास केवल पात्र व्यक्तियों के लिए ही हैं। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई लोग आवासों पर अवैध कब्जा, अवैध विक्रय या किराए पर दे देने जैसी गतिविधियों में शामिल पाए गए हैं। इसी आधार पर 42 व्यक्तियों के खिलाफ पहले ही FIR दर्ज कराई जा चुकी है, वहीं ऐसे 101 लोग, जिनके पास पहले से घर है, फिर भी उन्होंने आवास लेकर किराए पर दे दिया—उनके खिलाफ भी राशि राजसात कर वैधानिक कार्रवाई जारी है।
निगमायुक्त खत्री ने निर्देश दिया कि जिन व्यक्तियों के आवास निरस्त किए गए हैं, उनकी सूची कॉलोनी में चस्पा की जाएगी, ताकि सभी रहवासियों को अपात्र लोगों की जानकारी मिल सके। साथ ही, किराए पर रहने वालों को भी अपने सभी दस्तावेज नगर निगम कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन आवासों का आवंटन निरस्त किया गया है, उनकी जमा राशि राजसात होगी और वे आवास दोबारा पात्र व्यक्तियों को आवंटित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एस.एस. बघेल, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में निगम अधिकारी मौजूद रहे। यह कार्रवाई संदेश देती है कि नगर निगम अब बिजली, आवास आवंटन और अनुशासनहीनता के मामलों में कड़ाई से काम करेगा और किसी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।