Sagar-महिला शिक्षिका के समर्थन में स्टूडेंट ने की सड़क जाम, दो घंटे आवागमन बाधित
सागर जिले के खिमलासा हाई स्कूल में पदस्थ महिला शिक्षक दीपाली सिंघई के समर्थन में विद्यार्थियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने दोपहर लगभग 12 बजे नारायणी तिराहे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक महिला शिक्षिका दीपाली सिंघई की कुछ दिन पहले कक्षा दसवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा ने प्राचार्य से शिक्षिका द्वारा कक्षा में न पढ़ाने की शिकायत की थी। उक्त शिकायत का प्राचार्य ने प्रतिवेदन बनाकर जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा था। इसके अलावा हाल ही में एक अभिभावक के साथ हुए विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। जिसके चलते यह मामला कुछ दिनों से गर्माया हुआ था।
वहीं विद्यार्थियों का आरोप है कि प्राचार्य आर एस राजपूत द्वारा शिक्षिका दीपाली सिंघई के खिलाफ बिना किसी जांच के कार्रवाई की जा रही है जो सरासर गलत है। जब कोई सुनवाई नहीं हो रही थी तो विद्यार्थियों ने नारायणी तिराहा पर चक्काजाम लगा दिया। जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल भी मौके पर पहुंचे और काफी समझाइश के बाद जाम समाप्त कराया।