7 फीट गहरी नाली में फंसा सांड! 2 घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन, जेसीबी से निकाला सुरक्षित SAGAR TV NEWS
सागर जिले के बीना में एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन उस समय शुरू हुआ, जब रेलवे इंस्टिट्यूट अंटाघर के पास 7 फीट गहरी नाली में एक सांड बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही गौ सेवा दल के सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थिति आसान नहीं थी। करीब दो घंटे की मशक्कत, रस्सियां, और अंत में जेसीबी मशीन की मदद से सांड को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना बीना के रेलवे इंस्टिट्यूट अंटाघर इलाके की है। यहां अचानक लोगों की नजर नाले में फंसे एक विशालकाय सांड पर पड़ी। सांड गहरी और संकरी नाली में इस तरह फंसा था कि उसके लिए हिलना-डुलना भी मुश्किल हो गया था। पहले स्थानीय लोगों ने लकड़ियों और रस्सियों की मदद से उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद तत्काल गौ सेवा दल को सूचना दी गई। दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन चुनौती यह थी कि सांड की देह भारी होने और जगह बेहद तंग होने के कारण उसे खींचने की कोई दिशा नहीं मिल रही थी। कई बार प्रयास करने के बाद भी सांड को निकालना संभव नहीं हो पाया। इसके बाद निर्णय लिया गया कि जेसीबी मशीन बुलाकर नाली की किनारी को चौड़ा किया जाए, ताकि सांड को बाहर निकालने की जगह बनाई जा सके। मौके पर पहुंची जेसीबी ने सावधानीपूर्वक मलबा हटाया। इसके बाद गौ सेवा दल के सदस्यों ने रस्सियों से सांड को बांधकर पूरी ताकत लगाई। करीब दो घंटे के संयुक्त प्रयास के बाद आखिरकार सांड को नाली से बाहर निकाल लिया गया।
सांड के शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दिए, जिसके चलते मौके पर ही उसका प्राथमिक इलाज किया गया। उपचार के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। इस रेस्क्यू में गौ सेवा दल के सदस्य राजेंद्र यादव, लवकेश यादव, हिम्मत सिंह, आकाश यादव, देवेंद्र राय, अनुराग जैन, अर्थ सेन, कृष यादव, राकेश वर्मा, रोहित नामदेव के साथ रेलवे कर्मचारी भी मौजूद रहे।