सागर-दमोह फोरलाइन सड़क बनेगी, सरपट दौड़ेंगे वाहन, जाने 2059 करोड़ में क्या क्या होगा |SAGAR TV NEWS|
सागर और दमोह के बीच अब कार, बाइक जल्द ही सरपट दौड़ेंगी। यहां की संकरी रोड के स्थान पर अब फोरलेन चौड़ी सड़क बनाई जा रही है। राज्य सरकार ने इसकी स्वीकृति दे दी है। यह फोरलेन सड़क सागर से दमोह तक बनाई जाएगी। इसी के साथ इन दोनों बड़े शहरों के बीच का सफर न केवल और आरामदायक बन जाएगा बल्कि इसमें समय भी कम लगेगा। राज्य मंत्रि-परिषद द्वारा सागर से दमोह 76 किलोमीटर फोरलेन मार्ग निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार सागर-दमोह मार्ग का हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) के अंतर्गत उन्नयन एवं निर्माण किया जाएगा। 4-लेन रोड पेव्हड शोल्डर के साथ बनाई जाएगी। सागर से दमोह के बीच की प्रस्तावित चौड़ी सड़क पर कई ब्रिज, अंडरपास भी बनाए जाएंगे।
हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल के अंतर्गत मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा इस रोड का निर्माण कराया जाएगा। सागर दमोह 4 लेन सड़क की कुल लंबाई 76 किमी होगी। राज्य मंत्रि-परिषद द्वारा परियोजना के लिए वित्तीय लागत कुल 2059 करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी गई है।
मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा सागर दमोह 4 लेन सड़क की लागत का 40 प्रतिशत खर्च राज्य राजमार्ग निधि से जीएसटी सहित वहन किया जाएगा। स्वीकृति अनुसार रोड निर्माण की शेष 60 प्रतिशत राशि का प्रावधान संचालन अवधि में 15 वर्षों तक 6 माही एन्युटी के रूप में राज्य बजट के माध्यम से किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त भू अर्जन एवं अन्य कार्यों के लिए 323 करोड़ 41 लाख रूपए का भुगतान भी राज्य बजट से किया जाएगा। सागर दमोह 4 लेन सड़क परियोजना के अंतर्गत 3 बड़े ब्रिज बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 13 अंडरपास, 9 मध्यम श्रेणी के पुल, 1 आरओबी का निर्माण किया जाएगा। 4 लेन सड़क परियोजना में 13 वृहद जंक्शन और 42 मध्यम जंक्शन भी प्रस्तावित हैं।