दुल्हन निकली लुटेरी! नशीला खाना खिलाकर घर साफ, लुटेरी दुल्हन ने ब्याहकर ही लूट लिया पूरा परिवार!
एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। जिस दुल्हन को परिवार ने धूमधाम से ब्याहकर बेटी-बहू बनाकर घर में लाया, वही दुल्हन महज़ एक महीने में पूरे परिवार को नशीला खाना खिला कर घर से सबकुछ साफ कर फरार हो गई। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र में सामने आए इस अनोखे अपराध ने पुलिस के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को चौंका दिया है। शादी के नाम पर ठगी, नशीले खाने का इस्तेमाल और परिवार के 9 लोगों का अस्पताल में भर्ती होना… पूरा मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लग रहा।
पीड़ित युवक सत्यनारायण ने युवती ज्योति से उत्तर प्रदेश के बनारस में शादी की थी। बताया जा रहा है कि युवती के परिवार की आर्थिक मदद के नाम पर सत्यनारायण ने ढाई लाख रुपए भी दिए थे। शादी के बाद ज्योति करीब एक माह तक घर में रही, जिससे किसी को कोई शक नहीं हुआ। ज्योति ने परिवार वालों के लिए खाना बनाया। खाना खाते ही परिवार के सभी 9 लोग बेहोश होकर गिर पड़े। और इसी का फायदा उठाकर वह घर में रखे गहने, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
परिजन जब बेहोशी की हालत में मिले तो तुरंत जिला अस्पताल मंदसौर में भर्ती कराया गया। सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार खाना खाने के बाद हुए लक्षण नशीले पदार्थ की ओर इशारा करते हैं। सत्यनारायण सदमे में है। वह बार-बार यही कह रहा है— "जिसे जीवन साथी मानकर सपने देखे… उसी ने घर उजाड़ दिया। समझ नहीं आ रहा क्या करू, किससे कहूं?" मामले की शिकायत भावगढ़ थाना पुलिस को दी गई है। युवती ज्योति और उसके गिरोह की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि यह शादी कर ठगी करने वाला गैंग हो सकता है। यह मामला शादी के नाम पर हो रही ठगी की बढ़ती घटनाओं को एक बार फिर सामने लाता है। पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।