ड्यूटी से लौटते जवानों की सागर में मौत, मुरैना पुलिस लाइन में नम हुईं आंखें, शहीद सिपाहियों को अंतिम विदाई
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आज का दिन बेहद भावुक और गमगीन रहा। वे चार पुलिस जवान, जो बालाघाट जिले में ड्यूटी निभाकर सड़क मार्ग से लौट रहे थे, रास्ते में एमपी के सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र में हुए भयावह सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही चार जवानों की जान चली गई, जबकि एक जवान राजीव चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।
पोस्टमार्टम के बाद बीती रात सभी चारों जवानों के शव मुरैना पुलिस लाइन लाए गए, जहां पुलिस अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और आमजन ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। हर किसी की जुबान पर बस एक ही बात—“हमने चार बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ साथियों को खो दिया।”
आज मुरैना पुलिस लाइन में शहीद जवानों को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलाम दिया जा रहा है। परिजनों द्वारा मुरैना जिले के दो और भिंड जिले के दो जवानों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। विभाग की ओर से परिजनों को राहत राशि भी दी गई है।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल जवान राजीव चौहान को कल सागर से दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया था। फिलहाल वह दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचाररत हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजीव की स्थिति स्थिर बनी हुई है।
मध्य प्रदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना स्वयं इस दुर्घटना की जानकारी ले रहे हैं और घायल जवान के इलाज पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। DIG चंबल रेंज सुनील कुमार जैन ने भी जवानों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि यह पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
यह हादसा याद दिलाता है कि पुलिस जवान 24 घंटे, हर परिस्थिति में, अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सुरक्षा में लगे रहते हैं। आज का दिन उन सभी बहादुरों को सलाम करने का दिन है, जिन्होंने ड्यूटी को जीवन से भी ऊपर रखा।