भाजपा नेता की धमकी से सनसनी ! विधायक को फोन पर जा-न से मा-र-ने की चेतावनी
एमपी के शिवपुरी जिले में राजनीतिक तापमान अचानक तेज हो गया है। पोहरी विधानसभा में एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाहा को फोन पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप भाजपा नेता और सरपंच पति प्रभात रावत पर लगा है। विधायक की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाहा ने बताया कि वे क्षेत्र का दौरा कर वापस लौट रहे थे तभी उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाला कोई और नहीं, बल्कि पोहरी क्षेत्र के सरपंच पति और भाजपा से जुड़े प्रभात रावत थे, जिन्होंने उन्हें धमकाते हुए कहा—“तुम्हें खत्म कर दूंगा, जान से मार दूंगा…”। विधायक के मुताबिक फोन पर न सिर्फ धमकी दी गई, बल्कि अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया।
विधायक का आरोप है कि वे जनता की समस्याओं को उठाते हैं और यही बात भाजपा नेताओं को खटक रही है। इसलिए उनके खिलाफ इस तरह की हरकतें की जा रही हैं। उन्होंने साफ कहा—“जनता के हक की लड़ाई मैं लड़ता रहूंगा, चाहे कोई कितनी भी धमकी दे दे।” विधायक की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी प्रभात रावत के खिलाफ आईपीसी की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। हालांकि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी है। इस पूरे प्रकरण के बाद पोहरी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा पर दबाव और धमकी की राजनीति करने का आरोप लगाया है, जबकि स्थानीय भाजपा नेता इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।