ATM लुटेरे पकड़े गए! 11 लाख की चोरी का बड़ा खुलासा, मेरठ से कुख्यात आरोपी गिरफ्तार |SAGAR TV NEWS|
मध्यप्रदेश के कटनी जिले में ATM चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के ATM को जड़ से उखाड़कर ले जाने वाले कुख्यात गैंग के एक सदस्य को पुलिस ने यूपी के मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आरिफ उर्फ बाटू के रूप में हुई है, जो कई राज्यों में सक्रिय इस इंटरस्टेट गैंग का अहम सदस्य माना जाता है। 5 और 6 दिसंबर की रात कटनी शहर में हुई इस चोरी ने पुलिस के होश उड़ा दिए थे। गिरोह ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के ATM को उखाड़कर भागने की योजना बड़े ही शातिराना तरीके से तैयार की थी। ATM मशीन में करीब 11 लाख रुपये कैश मौजूद था।
वारदात के बाद पुलिस ने कुठला थाना क्षेत्र के जंगल से टूटा हुआ ATM बरामद कर लिया था। इसके अलावा गैंग द्वारा इस्तेमाल की गई मारुति XL6 कार भी जब्त की गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस को गिरोह की गतिविधियों के कई महत्वपूर्ण सुराग मिले। कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के अनुसार गिरोह के कुल 6 सदस्य इस चोरी में शामिल थे। एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी पांच की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस गैंग पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में चोरी, लूट, डकैती और हत्या जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। यह गिरोह अब तक तीन जिलों में ATM चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस अब फरार आरोपियों की लोकेशन ट्रैक कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस गैंग के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कटनी जिले में इस खुलासे के बाद पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है। यह बड़ी सफलता न सिर्फ ATM चोरी पर लगाम लगाएगी, बल्कि इंटरस्टेट गैंग की कड़ी से कड़ी जोड़ने में भी अहम साबित होगी।