सागर में ठंड का ब्रेक! बढ़ते तापमान ने बढ़ाई चिंता, 5 दिन में पारा चढ़ा, शीतलहर गायब |SAGAR TV NEWS|
जहां मध्यप्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का असर तेज है, वहीं सागर जिले में मौसम ने अलग ही करवट ली है। यहां ठंड कम और गर्मी अधिक महसूस हो रही है। पिछले पाँच दिनों में तापमान में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसने मौसम विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया है। सागर में तापमान लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर और होशंगाबाद जिलों में शीतलहर के हालात बने हुए हैं, लेकिन सागर इससे अछूता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, शनिवार 6 दिसंबर को जहां अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री था, वहीं बुधवार को यह बढ़कर 29.4 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। यानी पांच दिनों में ही 2.8 डिग्री का उछाल दर्ज हुआ।
इसी तरह रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई है। शनिवार को न्यूनतम पारा 9.9 डिग्री था, जो बुधवार को बढ़कर 12 डिग्री तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी ने लोगों को ठंड से राहत तो दी है, लेकिन मौसम के इस असामान्य बदलाव ने चिंता जरूर बढ़ा दी है। हवा में नमी का स्तर भी तेजी से गिर रहा है। सुबह नमी का प्रतिशत 45 और शाम को 44 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिससे ठंडक का एहसास कम हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर और पूर्व दिशा में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगभग 222 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही उपोष्ण-पश्चिमी जेट स्ट्रीम इसका प्रमुख कारण है। यही वायु प्रवाह सागर समेत पूरे प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव ला रहा है।
इधर, मौसम में हो रहे इस बदलाव का असर शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। डीएलएड की कॉपियों के मूल्यांकन को लेकर शिक्षकों को सुबह 10 बजे बुलाया जा रहा है। पहले यह ड्यूटी दोपहर 2 बजे से लगती थी, जिससे शिक्षक स्कूल भी पढ़ाते थे और बाद में मूल्यांकन भी करते थे। लेकिन अब सुबह ही मूल्यांकन केंद्र पहुंचने से स्कूल की पढ़ाई प्रभावित होना तय मानी जा रही है। आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा, इसका इंतजार लोगों को है, लेकिन फिलहाल सागर में ठंड ने ब्रेक लगा दिया है और पारा लगातार ऊपर जा रहा है।