मंत्री के भाई की गिरफ्तारी पर पुतला दहन, इस्तीफे की उठी मांग, युवक कांग्रेस का हंगामा !
एमपी के उज्जैन में आज राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया, जब प्रदेश सरकार की एक राज्य मंत्री के भाई की गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तारी को लेकर युवक कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, मंत्री का पुतला जलाया और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की।
प्रदेश में तब हड़कंप मच गया जब पुलिस ने राज्य मंत्री के भाई को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस संगठनों द्वारा पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में उज्जैन में भी युवक कांग्रेस ने देवास गेट चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी है, उसी सरकार के मंत्री का परिवार अपराधों में शामिल पाया जा रहा है—जो बेहद शर्मनाक है।
युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला दहन कर अपना आक्रोश प्रकट किया और मांग की कि मंत्री तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।
जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव ने कहा कि सरकार कानून से ऊपर नहीं है, अगर मंत्री का भाई तस्करी करते हुए पकड़ा गया है तो मंत्री को भी इसका जवाब देना होगा। वहीं उत्तर विधानसभा अध्यक्ष यश जैन ने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा लेकिन युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।