Sagar - स्मार्ट मीटर नहीं लगा तो काट दी यूनियन बैंक की बिजली ! 3 घंटे अफरा-तफरी, उपभोक्ता परेशान
सागर जिले के गढ़ाकोटा से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है… यहां यूनियन बैंक की बिजली केवल इसलिए काट दी गई क्योंकि बैंक प्रबंधन ने स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सहमति नहीं दी। अचानक बिजली कटने से बैंक स्टाफ ही नहीं, बल्कि काम लेकर आए उपभोक्ता भी घंटों तक परेशान होते रहे। गढ़ाकोटा स्थित यूनियन बैंक में गुरुवार शाम बिजली विभाग की टीम पहुंची।
टीम ने बैंक से स्मार्ट मीटर लगाने की बात कही, लेकिन बैंक प्रभारी मैनेजर ने बताया कि ब्रांच मैनेजर मौजूद नहीं हैं, इसलिए निर्देश मिलने के बाद ही मीटर लगाया जा सकेगा। लेकिन इस बातचीत के कुछ ही देर बाद—बिजली विभाग ने बिना किसी अतिरिक्त सूचना के बैंक की लाइट काट दी।
शुक्रवार सुबह जब बैंक खुला, तो बिजली गुल होने के कारण स्टाफ कामकाज नहीं कर पाया। डिजिटल सिस्टम से लेकर कैश काउंटर तक सब ठप पड़ा रहा। उपभोक्ता फीस जमा कराने, पैसे निकालने और लेन-देन के लिए पहुंचे… लेकिन लगभग दो से तीन घंटे परेशानी का सामना करना पड़ा। मैनेजर बैंक प्रभारी नवीन गुप्ता ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने पिछली शाम धमकी दी थी कि— "स्मार्ट मीटर नहीं लगाओगे तो लाइट काट देंगे" और कुछ ही देर बाद वाकई बिजली काट दी गई।
जब इस संबंध में गढ़ाकोटा विद्युत मंडल के जे.ई. ओपी अग्रवाल से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि— "माननीय न्यायालय के आदेशानुसार स्मार्ट मीटर लगाने में उपभोक्ता की सहमति आवश्यक नहीं है।" उन्होंने इसे नियमों के तहत की गई कार्रवाई बताया। इस पूरे विवाद में बैंक कर्मचारी और उपभोक्ता दोनों ही बेवजह परेशान हुए। जहां बैंक का कामकाज ठप रहा, वहीं लोग घंटों लाइन में खड़े होकर केवल लाइट आने का इंतज़ार करते दिखाई दिए।