सागर- महिला को बचाने में बाइक ट्रांसफार्मर से टकराई, बाइक सवार पहुंचे अस्पताल, दो बच्चे सुरक्षित
सागर जिले के खुरई के सागर रोड स्थित संत रविदास पार्क के पास शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया… जब एक बाइक सवार, जो स्कूल से दो बच्चों को लेकर अपने गांव जा रहा था, अचानक एक बड़ी दुर्घटना का शिकार हो गया। बाइक के सामने अचानक एक महिला आ जाने से बाइक सवार उसे बचा नहीं पाया और अनियंत्रित बाइक सीधे ट्रांसफार्मर जा टकराई। जोरदार धमाके के साथ चिंगारियां उड़ी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार 25 वर्षीय छोटेभाई ठाकुर, निवासी भीलोन, दो नाबालिग बच्चों (उम्र 14 और 16 वर्ष) को लेकर सागर रोड से गांव जा रहा था। तभी संत रविदास पार्क के पास अचानक एक महिला सड़क पार करने लगी। महिला को बचाने के चक्कर में छोटेभाई बाइक संभाल नहीं पाया और बाइक पहले महिला से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हुई और पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। धमाका सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। उन्होंने फंसे हुए युवक को ट्रांसफार्मर के पास से तुरंत बाहर निकाला। गनीमत रही कि बाइक सवार युवक करेंट की चपेट में नहीं आया, वरना हादसा बेहद भयावह हो सकता था। दुर्घटना के वक्त बाइक पर बैठे दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे। बच्चे डरे जरूर, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई।
घायल छोटेभाई ने बताया कि उसके भतीजों की परीक्षा समाप्त हुई थी और वह उन्हें गांव वापस ले जा रहा था। उसके मुताबिक, महिला अचानक सड़क के बीचोंबीच आ गई थी, जिससे बचने की कोशिश में यह हादसा हुआ। बच्चों ने भी घटना की यही पूरी जानकारी दी। फिलहाल घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है, जबकि पुलिस घटना की जांच कर रही है।