सागर- बाघराज कॉलोनी में आक्रोश! बिजली कटौती और अव्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
सागर की बाघराज छत्रसाल आवासीय कॉलोनी इन दिनों समस्याओं से कराह रही है… और इन्हीं समस्याओं को लेकर आज कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस पार्षद दल ने मिलकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। बाघराज कॉलोनी की समस्याओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। पिछले दिनों नगर निगम प्रशासन द्वारा कॉलोनी की बिजली काट देने से लोगों में भारी आक्रोश है। आज जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव और नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष सड़क पर उतर आए। नारेबाजी के साथ उन्होंने निगम प्रशासन और सरकार के प्रति अपना रोष जाहिर किया।
प्रदर्शनकारी नागरिकों ने बताया कि बिजली बिल के नाम पर उन पर दबाव बनाया जा रहा है, जबकि कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं पर किसी का ध्यान नहीं है। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया कि— बिजली के बिल जमा करने के लिए कम से कम एक माह का समय दिया जाए। भुगतान चार चरणों में कराने की व्यवस्था बनाई जाए। कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, और सुरक्षा व्यवस्था तुरंत सुधारी जाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि नगर निगम और विद्युत विभाग को यहां समस्या निवारण शिविर लगाकर लोगों की परेशानियां समझनी चाहिए। वहीं पूर्व विधायक सुनील जैन ने साफ-साफ कहा कि कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है और प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे।
कांग्रेस नेता अमित दुबे ने कॉलोनी में बढ़ते असामाजिक तत्वों पर चिंता जताते हुए कहा कि यहां एक पुलिस चौकी की सख्त जरूरत है, ताकि आए दिन होने वाली मारपीट की घटनाओं पर लगाम लग सके। ज्ञापन का वाचन करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव ने चेतावनी दी कि यदि कॉलोनीवासियों को गलत तरीके से परेशान किया गया तो कांग्रेस और स्थानीय लोग मिलकर बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलोनी के लोग मौजूद रहे और अपनी समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।