Sagar- चालान काटते ही ट्रक ड्राइवर बौखलाया ! खुद पर डीज़ल उड़ेला, NH-44 पर ट्रक चालकों का हंगामा
सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है… जहां ओवरलोडिंग का चालान कटते ही ट्रक चालक अचानक आगबबूला हो गया। ड्राइवर ने गुस्से में खुद पर डीज़ल उड़ेल लिया और ट्रक की छत पर चढ़कर जमकर हंगामा कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते NH-44 पर लंबा जाम लग गया। ये पूरा मामला सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र के अटा आरटीओ चेकपोस्ट का है।
बुधवार दोपहर जब ट्रैफिक विभाग ने ओवरलोडिंग के चलते एक ट्रक का चालान काटा तो युवक का पारा अचानक चढ़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि ट्रक ड्राइवर अपनी जेब से डीज़ल निकालता है और पूरे शरीर पर उड़ेल देता है। इसके बाद वह ट्रक की केबिन की छत पर चढ़कर हंगामा करने लगा और धमकी देने लगता है।
ट्रक चालक के इस बवाल को देखते ही मौके पर मौजूद दर्जनों ट्रक ड्राइवर भी एकजुट हो गए और विरोध में अपने वाहन हाईवे के बीचोंबीच खड़े कर दिए — नतीजा, NH-44 पर करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही डायल 112 और मालथौन थाना पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तुरंत चालक को समझाइश दी और किसी तरह उसे ट्रक की छत से नीचे उतारा। इसके बाद जाम हटवाया गया और स्थिति को सामान्य किया गया।
स्थानीय लोगों व ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि इससे पहले भी अटा चेकपोस्ट पर चालान को लेकर कई बार विवाद की स्थितियां बन चुकी हैं। वहीं पुलिस और आरटीओ विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है। फिलहाल चालक को शांत कर लिया गया है और हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है। लेकिन सवाल ये है कि चालान की कार्रवाई पर बार-बार उठते इस तरह के विवादों को लेकर विभाग कब ठोस कदम उठाएगा?