पालतू कुत्ते को मार डाला ! उसी हालात में थाने पहुँचा मालिक, 302 का केस दर्ज करने की मांग
एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति अपने पालतू कुत्ते का शव दोनों हाथों में लेकर थाने पहुंच गया और आरोपी पर मर्डर का मामला दर्ज करने की मांग करने लगा। मालिक का आरोप है कि उसके कुत्ते को जानबूझकर करंट लगाकर मार दिया गया है। घटना के बाद इलाके में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
एमपी के नरसिंहपुर जिले से तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भामा का मामला है, जहां रहने वाले मदन केवट का कहना है कि उसके पड़ोसी कन्हैया केवट से चल रहे आपसी विवाद के चलते उसके पालतू कुत्ते को निशाना बनाया गया। मदन के मुताबिक आरोपी ने बिजली का करंट लगाकर कुत्ते की मर्डर कर दिया। इसके बाद मदन अपने परिजनों के साथ कुत्ते का शव उठाकर सीधे थाने पहुंच गया।
थाने में मौजूद लोग उस समय हैरान रह गए जब मदन केवट शव को हाथ में लिए फफकते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार करने लगा। मदन का कहना था कि उसका कुत्ता परिवार का सदस्य जैसा था और इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जा सकती। थाने में बैठे परिवारजन भी लगातार आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते रहे।
इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुत्ते के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि जान जाने के कारणों की पुष्टि की जा सके। थाना प्रभारी बी.एल. त्यागी ने बताया कि जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद उचित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि यह घटना सही साबित हुई तो किसी निर्दोष जानवर की जान लेना एक गंभीर अपराध है।