खाद वितरण में तहसीलदार की दबंगई! किसानों को थप्पड़, खींचकर धक्का देने का वीडियो वायरल
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के टीकमगढ़ जिले से प्रशासनिक संवेदनहीनता की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। बल्देवगढ़ तहसीलदार डॉ. अनिल गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे यूरिया खाद वितरण के दौरान किसानों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में तहसीलदार किसानों को लाइन में लगाने के नाम पर पीठ पर थप्पड़ मारते, खिड़की से खींचकर धक्का देते और अपशब्दों का प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं।
इस वीडियो के सामने आते ही किसान संगठनों और आम लोगों में भारी आक्रोश है। यह मामला बल्देवगढ़ तहसील के मंगल भवन का बताया जा रहा है, जहां खाद की भारी किल्लत के बीच यूरिया वितरण किया जा रहा था। किसानों की लंबी कतार और अफरा-तफरी के बीच तहसीलदार मौके पर पहुंचे। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि तहसीलदार खिड़की के पास खड़े किसानों को पीछे से थप्पड़ मारते हैं और जबरन खींचकर लाइन में लगाने की कोशिश करते हैं।
वीडियो में एक वृद्ध किसान भी नजर आता है, जो अपनी समस्या तहसीलदार को बताने की कोशिश करता है। आरोप है कि इस दौरान तहसीलदार ने न केवल उसकी बात अनसुनी की, बल्कि अपशब्दों का प्रयोग भी किया। किसानों का कहना है कि वे घंटों लाइन में लगे थे, खाद की कमी थी और ऊपर से इस तरह का व्यवहार उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होते ही प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
कई यूजर्स इसे “किसानों का अपमान” बता रहे हैं, वहीं विपक्षी दलों और किसान संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। सवाल यही है—खाद संकट से जूझ रहे किसानों को राहत देने के बजाय अगर उन्हें थप्पड़ और अपमान मिलेगा, तो व्यवस्था पर भरोसा कैसे कायम रहेगा? अब देखना होगा कि वायरल वीडियो पर जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और किसानों को न्याय कब तक मिलता है।