Sagar-अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, गढ़ाकोटा फिर दहला
सागर जिले के गढ़ाकोटा में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की रात दमोह रोड पर हुए भीषण हादसे के बाद शनिवार रात फिर एक दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रहली रोड स्थित कृषि उपज मंडी के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान हरदौट गांव निवासी परसू अहिरवार पिता हल्लाई अहिरवार, उम्र लगभग 38 वर्ष के रूप में हुई है। परसू अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे, तभी रहली रोड पर कृषि उपज मंडी के पास अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि परसू सड़क पर दूर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ाकोटा भिजवाया, जहां शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं गांव हरदौट में शोक की लहर है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने गढ़ाकोटा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रहली रोड और मंडी क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन स्पीड कंट्रोल और निगरानी की ठोस व्यवस्था नहीं है। इसी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है।
मृतक परसू अहिरवार को अज्ञात वाहन ने तेज गति और लापरवाही से टक्कर मारी है, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। शव को पीएम हाउस में रखवाया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लगातार बढ़ते सड़क हादसे प्रशासन के लिए चेतावनी हैं। जरूरत है सख्त यातायात नियंत्रण और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की, ताकि रफ्तार का यह कहर किसी और घर का चिराग न बुझा सके।