सागर-खुरई में नवोदय प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न, 88.9% रही उपस्थिति |SAGAR TV NEWS|
ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने और गुणवत्तापूर्ण निशुल्क शिक्षा का अवसर देने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश चयन परीक्षा शनिवार को सागर जिले में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। खुरई जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठवीं सत्र 2026 में प्रवेश के लिए आयोजित इस परीक्षा में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
शनिवार सुबह से ही खुरई सहित जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ नजर आई। सागर जिले के 11 ब्लॉकों में बनाए गए 13 परीक्षा केंद्रों पर यह चयन परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
खुरई के शासकीय पं. के. सी. शर्मा उत्कृष्ट विद्यालय परीक्षा केंद्र में कुल 408 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 363 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जबकि 45 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। वहीं, मंडल हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र में कुल 319 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 279 उपस्थित और 40 अनुपस्थित रहे। इन दोनों केंद्रों पर कुल 642 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
नोडल अधिकारी एवं शिक्षक डॉ. विनोद राय ने जानकारी देते हुए बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण अंचलों के मेधावी बच्चों को उत्कृष्ट आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना है। यह परीक्षा बच्चों के बौद्धिक विकास और भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाती है।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन के निर्देशन में आयोजित इस परीक्षा के लिए सागर जिले से कुल 6026 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें से 5356 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस वर्ष परीक्षा में 88.9 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की 85.5 प्रतिशत उपस्थिति से अधिक रही। बढ़ी हुई उपस्थिति यह दर्शाती है कि नवोदय विद्यालयों के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अभिभावकों ने भी परीक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष जताया। अब सभी की निगाहें परिणाम पर टिकी हैं, जो हजारों बच्चों के सपनों को नई उड़ान दे सकता है।