पार्सल गोदाम बना आग का गोला, एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी लपटें, करोड़ों का नुकसान |SAGAR TV NEWS|
एमपी के शहडोल शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तड़के सुबह एक ऑनलाइन पार्सल गोदाम से उठती धुएं की लपटों ने पूरे इलाके को दहला दिया। सोहागपुर थाना क्षेत्र के बाणगंगा मेला मैदान के पास स्थित एस.एस. पार्सल एवं ट्रांसपोर्ट गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह-सुबह गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग की ऊंची-ऊंची लपटें आसमान छूने लगीं। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। मौके पर नगर पालिका की तीन दमकल गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
गोदाम के भीतर कपड़े, ऑनलाइन पार्सल, पैकेजिंग सामग्री और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं बड़ी मात्रा में रखी थीं, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा लगभग सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब दो करोड़ रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल प्रशासन जांच में जुटा है और आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।