Sagar - आंखों में मिर्ची डालकर मुनीम से 20 लाख की लूट, व्यापारियों ने किया मंडी पर चक्काजाम
सागर में दिन-दहाड़े नई गल्ला मंडी के पास 20 लाख रुपये की लूट ने पुलिस प्रशासन के ढुलमुल रवैये की पोल खोलकर रख दी है। घटना नई कृषि उपज मंडी के मोलाली पुल के पास हुई। व्यापारी पंकज केशरवानी की फर्म के मुनीम सुरेश दीक्षित बैंक से रकम लेकर आ रहे थे। ऑटो और बाइक पर सवार चार लुटेरों ने मुनीम की आँखों में लाल मिर्च पाउडर झोंका, रिवॉल्वर लहराई और रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकले। लुटेरे वारदात को अंजाम देकर निकल गए और पुलिस दर्शक बनी रही। यह तो शुक्र है कि आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनकर तेजी दिखाते हुए एक लुटेरे को दबोच लिया, वरना ये सारे अपराधी आसानी से भाग निकलते।
इस घटना से आक्रोशित गल्ला व्यापारियों ने मंडी गेट के सामने तुरंत चक्काजाम कर दिया, व्यापारियों ने वर्किंग टाइम में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की, जिसके बाद मोतीनगर थाना प्रभारी ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, लेकिन सवाल यह है कि यह तत्परता वारदात के समय क्यों नहीं दिखाई गई?
बीते दिनों आधा दर्जन नशेड़ियों ने शाम को सरेआम चाकू लहराए, बीयर की बोतलें फोड़ी और दुकानों के कांच तोड़ डाले। नरयावली अग्निकांड में तो हद हो गई, जहां संदिग्ध हालात में घर में आग लगाई गई, दो भाई जलकर अस्पताल में साइलेंटली मर गए, जबकि झुलसी बहन ने आरोपी फईम खान का नाम लिया है। लेकिन पुलिस 9 दिन तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई। ये घटनाएं साफ बताती हैं कि सागर में अपराधियों का राज चल रहा है.