मासूम की हत्या के आरोपी का जुलूस निकाला, एसडीओपी ने जड़ा चांटा, बच्ची को देखकर रो पड़े लोग
एमपी के उज्जैन जिले के खाचरोद से सामने आई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गलत काम की कोशिश में नाकाम होने पर 9 साल की मासूम बच्ची का मर्डर करने वाले आरोपी रियाज खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का खाचरोद नगर में जुलूस निकाला गया, जहां आम जनता के साथ-साथ पुलिसकर्मियों का आक्रोश भी साफ देखने को मिला।
जुलूस के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण था कि लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इसी दौरान एसडीओपी आकांक्षा बीछोटे ने आरोपी को थप्पड़ मारकर कड़ी फटकार लगाई। पुलिस का कहना है कि आरोपी पूछताछ के दौरान बेहद शातिराना रवैया अपना रहा था और साइको किलर की तरह व्यवहार कर रहा था। हालांकि, जब पुलिस ने उसके सामने पुख्ता सबूत रखे, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घटना के मुताबिक, 9 वर्षीय बच्ची छुट्टियों में अपनी नानी के घर आई हुई थी। इसी दौरान पास में रहने वाले आरोपी रियाज खान ने उसे बुरी नीयत से पकड़ लिया। बच्ची के विरोध और चीख-पुकार करने पर आरोपी ने मोगरी से वार कर उसकी मर्डर कर दिया गया। यह वारदात पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का कारण बन गई। पुलिस आरोपी को घटना स्थल का मौका मुआयना कराने ले जा रही थी, तभी उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। इस दौरान वह गिर पड़ा और उसके पैर में चोट लग गई। चलने में असमर्थता जताने पर मौजूद लोगों का गुस्सा और भड़क उठा, जिसके बाद एसडीओपी ने उसे कड़ी फटकार लगाई।
इधर, बच्ची को रतलाम के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत देखकर नर्सिंग स्टाफ और पुलिसकर्मी भावुक हो गए। मासूम के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। पुलिस ने साफ किया है कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा और मामले में फास्ट ट्रैक के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस जघन्य अपराध ने एक बार फिर समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि मासूमों की सुरक्षा के लिए और कितनी सख्ती जरूरी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश परमार, पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर, विधायक दिनेश बॉस, नगरपालिका अध्यक्ष गोविंद भरावा, अनोखीलाल सिसोदिया सहित कांग्रेस नेता खाचरौद पहुंचे। जहां उन्होंने खाचरोद एसडीओ पी खाचरोद से मिलकर आरोपी के खियाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है साथ ही आरोपी को फांसी दिए जाने और आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग भी की है