Sagar - धनिया मिर्ची हल्दी में चल रही थी मिलावट, मसाला चक्की पर छापामार कार्रवाई से हड़कंप
सागर जिले में होटल रेस्टोरेंट सहित अन्य खाद्य चीजों मैं चल रही गड़बड़ी को लेकर प्रशासन छापा मार कार्रवाई जारी है, इसी क्रम में राजस्व विभाग के साथ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अमानक खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देवरी नगर के कौशल किशोर वार्ड स्थित एक मसाला चक्की पर छापेमारी की। जहां हल्दी, धनिया और मिर्च की पिसाई की जाती है।यहां मिलावट की शिकायतें मिल रही थीं।
शिकायतों के आधार पर टीम ने चक्की पर छापा मारा, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप है। खाद्य विभाग ने आगे भी सघन जांच अभियान जारी रखने की बात कही है। यह कार्रवाई मंगलवार देर शाम की गई, जिसमें मसालों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
खाद्य निरीक्षक एवं औषधि प्रशासन विभाग सागर की अधिकारीप्रीति राय ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत प्राप्त हुई थी कि संबंधित मसाला चक्की में अखाद्य रंगों की मिलावट की जा रही है। जांच के दौरान मौके से अखाद्य रंगों के सात पैकेट मिले, जिनमें से तीन पैकेट जब्त किए गए, जबकि चार पैकेट के सैंपल लिए गए। इसके अलावा धनिया, मिर्च और हल्दी के भी नमूने एकत्र किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए सभी नमूनों को सील कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के उल्लंघन का पाया गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।छापेमारी के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की अधिकारी प्रीति राय, देवरी की तहसीलदार प्रीतिरानी चौरसिया, पटवारी दयाशंकर दुबे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।