Sagar-थाना प्रभारी की फेसबुक रील से सुलगा वि-वाद,चादामऊ मामले के बीच Viral Post पर भड़के हिंदू संगठन
सागर जिले के नरयावली के ग्राम चादामऊ में हाल ही में हुई दर्दनाक आगजनी की घटना, जिसमें दो मासूम बेटों की जान चली गई और एक बेटी जिंदगी और जान के बीच संघर्ष कर रही है, ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना को लेकर पहले से ही दो समुदायों के बीच माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। इसी संवेदनशील माहौल के बीच नरयावली थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार की एक फेसबुक रील पोस्ट ने विवाद को और भड़का दिया है।थाना प्रभारी के फेसबुक अकाउंट से पोस्ट की गई रील में लिखे शब्द— “बेवी माइंड में एम चले, नोट जितना भी चले और भाई का नेम चले”
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। इस पोस्ट को सामने आते ही हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। संगठनों का आरोप है कि जब क्षेत्र में हालात बेहद संवेदनशील हैं और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है, ऐसे समय में थाना प्रभारी का इस तरह की रील पोस्ट करना पुलिस की गरिमा और जिम्मेदारी के खिलाफ है। हिंदू संगठनों का कहना है कि चादामऊ की घटना को लेकर वे लगातार दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच थाना प्रभारी की यह सोशल मीडिया गतिविधि न केवल असंवेदनशील है, बल्कि यह जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली भी है। संगठनों ने थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की मांग उठाई है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए संगठनों ने यह भी याद दिलाया कि भोपाल से डीजीपी महोदय के स्पष्ट निर्देश हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी—चाहे वह वर्दी में हो या सिविल ड्रेस में—फेसबुक, इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील या आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट नहीं करेगा। ऐसे मामलों में कड़ी विभागीय कार्रवाई के निर्देश पहले से ही जारी हैं। अब यह मामला सिर्फ एक सोशल मीडिया पोस्ट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और अनुशासन पर भी सवाल खड़े कर रहा है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि वह तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करे, ताकि हालात और न बिगड़ें। फिलहाल पूरे नरयावली क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज है और सभी की निगाहें पुलिस विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।